हॉलीवुड एक्टर्स जॉनी डेप और एंबर हर्ड जैसा हाइप्रोफाइल मामला भारत में भी सामने आया है। हम बात कर रहे हैं उड़िया एक्ट्रेस वर्षा प्रियदर्शिनी की, जो इन दिनों पति से मनमुटाव के कारण चर्चा में हैं। वर्षा प्रियदर्शिनी लोकसभा सांसद अनुभव मोहंती की पत्नी हैं और दोनों के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा है।
दोनों ने एक-दूसरे पर तमाम संगीन आरोप लगाए हैं। अनुभव ने एक्ट्रेस पत्नी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कई पोस्ट लिखे हैं, जिनमें उन्होंने वर्षा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी तरफ वर्षा ने सांसद पति अनुभव पर घरेलू हिंसा और एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर का आरोप लगाया है।
इसी बीच कटक सदर एसडीजेएम कोर्ट ने वर्षा को दो महीने के अंदर पति का घर खाली करने को कहा है। वहीं सांसद अनुभव को भी वर्षा की आर्थिक मदद के लिए उन्हें हर महीने 30 हजार रुपये देने का आदेश दिया है। दोनों के तलाक की कार्यवाही अभी चल रही है। बता दें वर्षा ने पति पर एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर का आरोप लगाते हुए 15 करोड़ रुपये की मांग की है।
पारिवारिक कलह के चलते नहीं बने शारीरिक संबंध: सोशल मीडिया पर मोहंती लगतार पत्नी के खिलाफ लिख रहे हैं। उनका कहना है कि रोज-रोज के लड़ाई के कारण दोनों के बीच 8 साल से शारीरिक संबंध भी नहीं बने हैं। मोहंती की मानें तो वर्षा के कारण उनके परिवार को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। इतना ही नहीं इससे उनकी राजनीति पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
सांसद अनुभव मोहंती और एक्ट्रेस वर्षा प्रियदर्शिनी ने साल 2014 में एक दूसरे से शादी की थी। शादी के कुछ सालों बाद ही दोनों में झगड़े होने लगे। साल 2016 में अनुभव ने आरोप लगाते हुए कहा था कि उनका वैवाहिक जीवन सही नहीं चल रहा है, क्योंकि वर्षा उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करती हैं।
वर्षा ने लगाए थे ये आरोप: वहीं, पति के आरोपों पर वर्षा का कहना था कि उन्हें मां बनने के अधिकारों से वंचित रखा गया। उनका कहना था कि पति शराब के आदि हैं और अन्य महिलाओं के साथ उनके संबंध हैं। साल 2020 में वर्षा ने मोहंती से तलाक के लिए अर्जी लगाई थी।